जालौन। कोतवाली क्षेत्र के अकोढ़ी दुबे गांव में रविवार को जहर खाने से विवाहिता की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अकोढ़ी दुबे निवासी दीक्षा (24) पत्नी हिरदेश कुछ दिन पहले अपने मायके आटा गई थी। शनिवार को उसका ससुर परशुराम बहू और नाती के साथ उसे लेने पहुंचे थे। मायके से ससुराल आने के अगले दिन रविवार को दीक्षा ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसने आवाज लगाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज उरई ले गए, जहां से गंभीर हालत में झांसी रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दीक्षा का विवाह 24 मई 2021 को हुआ था। उसका तीन साल का बेटा रियांश है। पति हिरदेश पुणे में निजी नौकरी करता है, जबकि जेठ गौरव भी बाहर रहता है। घर पर दीक्षा अपनी सास माया, ससुर और जेठानी सोनिया के साथ रहती थी। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी हरीशंकर चंद ने बताया कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
