{“_id”:”6b03e69565f066d8e307cfa5″,”slug”:”elderly-man-dies-under-suspicious-circumstances-after-being-taken-to-a-feast-wife-suspects-murder-2026-11-23″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”कन्नौज: दावत में ले जाए गए वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

बृजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दावत में चलने के लिए घर से ले जाए गए वृद्ध की कुछ घंटे बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात गांव का युवक अपने भतीजे के साथ उन्हें गंभीर हालत में ई-रिक्शा से घर लेकर पहुंचा। पति की हालत देखकर पत्नी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी ने गांव के युवक और उसके भतीजे पर पति के साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उसके अनुसार, मृतक के बाएं हाथ में गंभीर चोट थी और शरीर पर भी कई जगह चोटों के निशान थे। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सौरिख क्षेत्र के मझगवां निवासी बृजेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (57) पुत्र लंकुश सिंह रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद घर पर लेटे थे। इसी दौरान गांव का रनदीप (46) अपने 18 वर्षीय भतीजे अजय सिंह के साथ ई-रिक्शा लेकर उनके घर पहुंचा। दोनों ने तालग्राम थाना क्षेत्र के नगला मान में दावत में चलने को कहा। बृजेन्द्र ने निमंत्रण न होने की बात कहकर जाने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद रनदीप उन्हें ई-रिक्शा से अपने साथ ले गया।
करीब तीन घंटे बाद रात 11 बजे रनदीप अपने भतीजे के साथ बृजेन्द्र को गंभीर हालत में लेकर घर पहुंचा। उसने पत्नी सुमन से पति के नशे में होने की बात कहकर उन्हें ई-रिक्शा से उतारने को कहा। पति की हालत गंभीर देखकर सुमन बेटे अनुज के साथ उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुमन ने पति की मौत को लेकर गांव के युवक और उसके भतीजे पर संदेह जताया है। उसका कहना है कि पति के बाएं हाथ की हड्डी टूटी हुई थी और शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के निशान थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उसने मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रनदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

