जौनपुर: आज के दौर में जब मोबाइल के एक क्लिक पर सेकंडों में दर्जनों तस्वीरें खिंच जाती हैं, तब उस जमाने की कल्पना करना भी अनोखा लगता है, जब एक तस्वीर खिंचवाना किसी उत्सव से कम नहीं होता था. जौनपुर के अंबेडकर तिराहे पर स्थित ‘दिलीप फोटो स्टूडियो’ करीब 50 वर्षों से ऐसे ही अनगिनत पलों का गवाह रहा है. एक वक्त था, जब शहर के लोगों के लिए यह स्टूडियो सबसे पसंदीदा जगह हुआ करता था. यहां लोग अपने जीवन के हर खास पल को कैमरे में कैद कराने पहुंचते थे.

स्टूडियो के संचालक दिलीप श्रीवास्तव ने लोकल 18 से बताया कि उन्होंने फोटोग्राफी का सफर करीब 1976 में शुरू किया था. उन्होंने कहा, हमने 1976 में फोटोग्राफी सीखना शुरू किया और 1977 में अपनी दुकान खोल दी. उस समय हालात बहुत अच्छे नहीं थे. हफ्ते में एक-दो तस्वीरें ही खिंच पाती थीं. क्षेत्र में कोई खास कठिनाई नहीं थी, लेकिन ग्राहक बहुत कम आते थे. उस दौर की मेहनत को याद करते हुए बताते हैं कि तब एक तस्वीर तैयार करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा, “फोटो बनाने में काफी मेहनत लगती थी. रील निकालना, उसे डेवलप करना, प्रिंट तैयार करना और सुखाना, इन सभी कामों में काफी समय लगता था.

एक फोटो की कीमत महज ढाई से तीन होती थी रुपये 

उनके मुताब‍िक, एक फोटो तैयार करने में कम से कम आधे घंटे का समय लग जाता था. हम जौनपुर में ही अपने हाथों से ब्लैक एंड व्हाइट फोटो प्रिंट करते थे. उस समय पासपोर्ट साइज की एक फोटो की कीमत महज ढाई से तीन रुपये होती थी.” उन्होंने बताया कि जुलाई के महीने में लड़कों के एडमिशन फॉर्म के लिए पासपोर्ट साइज फोटो की मांग बढ़ जाती थी. ऐसे सीजन में दिनभर फोटो खींचने के बाद अगले दिन सुबह उनकी डिलीवरी दी जाती थी. उन्होंने कहा, “हम लोग रातभर फोटो तैयार करने में जुटे रहते थे. जिसके पास जितना काम होता था, वह उसी हिसाब से रातभर मेहनत करता था.”

विज्ञापन

ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी का दौर सबसे अच्छा

दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी का दौर सबसे अच्छा था, लेकिन कलर फोटोग्राफी आने के बाद काम धीरे-धीरे कम होने लगा. उन्होंने कहा, “उस समय कैनन, निकॉन समेत कई अच्छी कंपनियों के कैमरे थे. हमने कई कैमरों का इस्तेमाल किया, लेकिन डिजिटल दौर में उनका चलन खत्म हो गया. पहले और अब की फोटोग्राफी में काफी अंतर आ गया है.” अब फोटोग्राफी का पुराना दौर धीरे-धीरे खत्म हो रहा है. ज्यादातर काम ऑनलाइन होने लगा है, इसलिए छोटी तस्वीरें खिंचवाने के लिए बहुत कम लोग स्टूडियो आते हैं. पहले पासपोर्ट साइज की सिर्फ तीन तस्वीरें मिलती थीं, जो तीन जगह लगाने के बाद खत्म हो जाती थी. अब डिजिटल माध्यम से ज्यादा तस्वीरें मिल जाती हैं, इसलिए लोग पुरानी तस्वीरों से ही काम चला लेते हैं. हालांकि, जिन्हें जरूरत होती है, वे आज भी स्टूडियो आते हैं.



Source link