गाजीपुर। पिछले साल ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरे में रजाई-कंबल के साथ मनोरंजन के लिए एलईडी टीवी तक की व्यवस्था थी, लेकिन इस बार हालात उलट हैं। नवंबर खत्म होने को है, सुबह-शाम लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं और नगर पालिका प्रशासन ने अब तक अस्थायी रैन बसेरे तक नहीं बनाए हैं। हाईटेक सुविधाओं वाले रैन बसेरे से लेकर इस बार सिर छिपाने की जगह तक न मिलने की स्थिति ने नगर पालिका की तैयारियों और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर में नगर पालिका प्रशासन की ओर से दो स्थानों पर करीब एक दशक से अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की जाती है। यह दोनों में इनमें एक सिटी रेलवे स्टेशन तो दूसरा रोडवेज डिपो परिसर है। दोनों जगहों पर सुबह व शाम यात्रियों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन की ओर से बनाए गए रैन बसेरे उनके लिए काफी सहूलियत देने का काम करते हैं। पिछले वर्ष नगर पालिका प्रशासन की ओर से सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में बनाए गए रैन बसेरे को हाईटेक स्वरूप दिया था। रैन बसेरे में ठहरने वाले लोगों के के लिए एलईडी टीवी तक लगाई गई थी। लेकिन, इस बार अभी तक टेंट लगाकर रजाई-कंबल तक की व्यवस्था नहीं की गई है।
जिला मुख्यालय पर स्थित होने के कारण सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन पांच हजार यात्री यात्रा करने के लिए आते हैं। इनमें 40 प्रतिशत संख्या यानी दो हजार यात्री गैर जनपदों से होते हैं। हर वर्ष यहां पर बेहतर सुविधाओं वाले रैन बसेरे की व्यवस्था कराई जाती है। लेकिन, अभी तक सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में कोई रैन बसेरा नहीं बना है। फर्श पर यात्री सोते हुए नजर आ रहे हैं।
ट्रेन के बाद यात्री यात्रा करने के लिए दूसरे नंबर पर रोडवेज बसों को प्राथमिकता देते हैं। रोडवेज की बसों से प्रतिदिन 10 हजार 73 यात्री यात्रा करते हैं। प्रतिदिन 62 बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया जाता है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से यहां पर भी रैन बसेरे की व्यवस्था की जाती है। लेकिन, इस बार सुबह व शाम सर्द हवाओं के चलने के बाद भी परिसर में कहीं भी रैन बसेरा नहीं बनाया गया है।
शहर के आरटीआई चौराहे के पास नगर पालिका प्रशासन की ओर से पक्के भवन में करीब आठ वर्षों से स्थायी रैन बसेरे का संचालन किया जा रहा है। शनिवार को पड़ताल में स्थायी रैन बसेरे में केवल दो लोग ठहरे हुए मिले। स्थायी रैन बसेरे की कई खिड़कियों के शीशे टूटे हुए मिले। गद्दे गंदे नजर आए। यहां तक कि उस पर चादर तक नहीं बिछाए गए थे। नगर के रामप्रवेश व सूरज ने बताया कि आरटीआई चौराहा शहर का बाहरी इलाका है। सन्नाटे की वजह से लोग स्थायी रैन बसेरे में जाना पसंद नहीं करते हैं।
आरटीआई चौराहे के पास स्थित स्थायी रैन बसेरा अगर शहर के किसी महत्वपूर्ण जगह पर होता, तो इसका लाभ बाहरी यात्रियों संग ही जनपद के लोगों को भी मिलता। – विशाल चौधरी, सिकंदरपुर
नगर पालिका प्रशासन को अब अस्थायी रैन बसेरे का संचालन शुरू कर देना चाहिए, क्योंकि सुबह व शाम के समय सर्द हवाएं चलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। – गोपाल जी वर्मा, टेढ़ीबाजार
रैन बसेरे के कारण बाहरी यात्रियों को काफी सहूलियत मिलती है। साथ ही जनपद के श्रमिक व कमजोर तबके के लोग भी लाभान्वित होते हैं। इसलिए इसका संचालन जल्द से जल्द होना चाहिए। – सतीश उपाध्याय, रायगंज
शहर में अस्थायी रैन बसेरों के संचालन को लेकर दोनों विभागों के उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है। अनुमति मिलते ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रैन बसेरे में एलईडी टीवी व अन्य सुविधाओं को मुहैया कराया जाएगा। – डीके राय, ईओ नगर पालिका गाजीपुर
