देवल कर्मनाशा पुल के पास सड़क किनारे खाई में एक महिला का शव मिला।
गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिलदारनगर-देवल मार्ग पर देवल कर्मनाशा पुल के पास सड़क किनारे खाई में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर गहमर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की पहचान दिलदारनगर थाना क्षेत्र के अमौरा गांव निवासी रिजवाना खातून के रूप में हुई है। वह तस्वर अंसारी की बेटी थीं। उनकी शादी बिहार के सोनपा गांव निवासी अयुब अंसारी से हुई थी। बताया गया कि रिजवाना ससुराल से अपने मायके अमौरा जा रही थीं।
रिजवाना की 10 साल की बेटी आरफीन है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर मौजूद लोगों ने हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सीओ ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी जमानिया अंकित तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। गहमर के प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

