मऊ के अरियासों गांव में बिजली बकाया वसूली और चेकिंग करने गए बिजली विभाग के कर्मचारियों से मारपीट की गई। इस घटना में एक कर्मचारी के सिर में चोट लगी है। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण कर्मचारियों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं।
.
बिजली विभाग के अवर अभियंता संजय कुमार सरोज ने घोसी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने तीन लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सरोज ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

मऊ में बिजली विभाग के कर्मचारियों से मारपीट की गई।
अवर अभियंता संजय कुमार सरोज ने पुलिस को बताया कि मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर 10 सितंबर को अरियासों गांव में राजस्व वसूली, चेकिंग और जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसका मकसद 11 केवी फीडरों का लाइन लॉस कम करना था। हालांकि, अतिरिक्त चार्ज होने के कारण वे उस समय सिपाह इब्राहिमाबाद विद्युत उपकेंद्र पर थे।

घटना में एक कर्मचारी के सिर में चोट लगी है।
घायल कर्मचारी संतोष कुमार ने बताया कि वे लोग बकाया बिजली बिल वसूलने अरियासों गांव गए थे। ड्यूटी खत्म कर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोका और पूछा कि वे प्राइवेट कर्मचारी हैं या सरकारी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। लोगों ने उनका मोबाइल छीन लिया और मारपीट की। कर्मचारी ने बताया कि घटना का वीडियो भी मौजूद है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गरमा गया है। इस वीडियो में कुछ लोग विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। यह वीडियो खुद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बनाया है। घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिली है। पुलिस जांच कर रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
