जाजमऊ थाना क्षेत्र में रविवार को टेनरीकर्मी ताजीर हुसैन के नौ साल के बेटे इरशाद को आवारा कुत्ते ने काट लिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। परिजन कांशीराम अस्पताल लेकर आए। जहां बच्चे का इलाज किया गया। वहीं, शनिवार सुबह दूध लेने जा रहे सिलाई कारीगर पर कुत्तों के झुंड ने हमला किया था। इलाके में आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है।
पोखरपुर निवासी टेनरीकर्मी ताजीर हुसैन ने बताया बेटा रविवार सुबह अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। तभी पीछे से आए आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने इरशाद को काटकर घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने ईंट, पत्थर फेंककर कुत्ते को खदेड़ा। राजू, रफीक, सुरेश का कहना है कि आवारा कुत्तों का आतंक लगातार जारी है। नगर निगम से कई बार शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
टीम कुत्ते पकड़कर पास ही छोड़ देती
इलाके के देशु, राजू, फैजान का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद टीम आई। मौके से कुत्तों को पकड़ने के बाद टीम उनको पास में फिर छोड़ देती है। इस कारण कुत्ते वापस आ जाते हैं।
