Patient struggles for life amidst massive traffic jam; ambulance remains stuck for hours

जाम में फंसी एंबुलेंस
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

गंगा बैराज-करमला रोड पर भीषण जाम के चलते गंभीर मरीज की जान पर संकट खड़ा हो गया। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस काफी देर तक वाहनों के बीच फंसी रही, लेकिन जाम में मौजूद वाहन चालक उसे रास्ता देने को तैयार नहीं दिखे। एंबुलेंस का सायरन बजता रहा और मरीज की जिंदगी के लिए कीमती समय जाम में गुजरता रहा।


दरअसल, कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में नो एंट्री खुलने के बाद ट्रकों और सरकारी बसों की आवाजाही बढ़ गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इसी जाम में गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। काफी देर तक रास्ता नहीं मिलने के बावजूद वाहन चालकों की ओर से उसे निकलने का रास्ता नहीं दिया गया।

इसी दौरान अधिवक्ता लिखी कार में सवार नरेंद्र कुमार वर्मा की नजर जाम में फंसी एंबुलेंस पर पड़ी। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए वह अपनी कार से उतरकर सड़क पर आ गए। उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और हाथों से इशारा कर वाहन चालकों से एंबुलेंस को रास्ता देने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद वाहनों को किनारे करवाकर एंबुलेंस के निकलने का रास्ता बनवाया।

नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि एंबुलेंस काफी देर से जाम में फंसी थी और उसमें गंभीर मरीज था। जब कोई रास्ता देने के लिए आगे नहीं आया तो उनसे रहा नहीं गया। उन्होंने मानवता के नाते सड़क पर उतरकर एंबुलेंस को निकलवाने की कोशिश की।

इस घटना ने गंगा बैराज-करमला रोड पर यातायात व्यवस्था और आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जाम में एंबुलेंस का फंसना गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि ऐसे हालात में हर मिनट मरीज के लिए कीमती हो सकता है।



Source link

अभी अभी की खबरें