केडीए की रतनपुर विस्तार योजना पार्ट-1 में मूल आवंटी की फोटो हटा दूसरी महिला की फोटो लगाकर रजिस्ट्री कराने के प्रयास के मामले में बुधवार को आरोपी लिपिक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की गई है। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है।
केडीए ने अगस्त में मामला सामने आने के बाद जितेंद्र समेत तीन बाबुओं, फर्जी महिला और दो गवाहों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। रतनपुर विस्तार योजना पार्ट-1 के साउथ-ईस्ट कॉर्नर स्थित भूखंड संख्या ए-03 की मूल आवंटी रमणी देवी पुत्री टीआर वासू हैं। पिछले दिनों अधिवक्ता रामनिवास सिंह चौहान ने इस संबंध में प्राधिकरण में शिकायत की थी। वह मूल आवंटी को साथ लेकर केडीए कार्यालय पहुंचे और साक्ष्य प्रस्तुत किए। इसके बाद मामले की जांच शुरू कराई गई जिसमें सामने आया कि मूल आवंटी की फोटो हटाकर दूसरी महिला की फोटो लगाई गई थी।
फर्जी महिला को प्राधिकरण कार्यालय में प्रस्तुत कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूखंड की रजिस्ट्री किसी दूसरे के नाम कराने का प्रयास किया गया। इसमें फर्जी पैन और आधार कार्ड का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद तत्काल भूखंड की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी गई थी। मामले में केडीए जोन-2 के अनुसचिव बलराम की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। केडीए ने इस मामले में तथाकथित रमणी, दोनों गवाहों, लिपिक जितेंद्र कुमार, अरविंद गुप्ता ओर केशव प्रसाद मिश्रा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था।
अब बुधवार को इस मामले में कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। मामले में अनुशासिक कार्रवाई भी की जाएगी जिसकी जांच के लिए ओएसडी राजेश पाठक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से संदर्भ अनुभाग में संबद्ध किया गया है।
लिपिक पर पहले भी लग चुके आरोप यह पहली बाद नहीं है जब विक्रय विभाग, जोन-2 के कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली हो। पहले भी लिपिक पर फर्जी रजिस्ट्री कराने के आरोप लग चुके हैं। इस मामले में सामने आया कि उसकी मदद से ही फर्जीवाड़े को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी। केडीए में फर्जी रजिस्ट्री और भ्रष्टाचार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पूर्व में भी कई बाबुओं पर कार्रवाई करते हुए निलंबन और बर्खास्तगी तक की जा चुकी है।
कनिष्ठ लिपिक के खिलाफ इससे पहले भी एक-दो बार फर्जी रजिस्ट्री की शिकायतें मिली थीं। अब दोबारा मामला संज्ञान में आने पर जांच कराई गई जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। मामले की जांच ओएसडी राजेश पाठक को सौंपी गई है। – अभय पांडेय, केडीए सचिव

