कासगंज-बाधारी रेलवे मार्ग पर शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर किनारे रखवाया। मृतका की पहचान रामादेवी राजपूत (23) पत्नी सुधाकर निवासी नगला वाले के रूप में हुई। रात में उसका पति से विवाद हुआ था। मृतका के सिर में चोट के निशान थे। मायके पक्ष ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे रेलवे ट्रैक की-मैन नरेश कुमार मीणा ने मेमो के माध्यम से सूचना दी कि कासगंज-बाधारी रेल मार्ग पर किलोमीटर संख्या 243/20 और 243/19 के बीच एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव की पहचान रामादेवी के रूप में हुई। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस को जांच में पता चला कि मृतका का मायका गांव जमालपुर थाना सहावर में था। उसकी शादी करीब 6 वर्ष पहले सुधाकर पुत्र पन्नालाल निवासी गांव हिम्मतपुर सई के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों गांव नगला वाले में हसन लाल के मकान में किराए पर रह रहे थे। उनका तीन वर्षीय बेटा गगन है। बताया गया कि सुधाकर वहां निजी क्लीनिक चलाता है।
पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
जांच में सामने आया है कि सुधाकर ने करीब 1 वर्ष पहले अपनी जमीन 6 लाख रुपये में एग्रीमेंट पर गिरवीं रखी थी, जिसका एग्रीमेंट निरस्त कराने की तारीख 22 नवंबर 2026 तय थी। इसके अलावा सुधाकर ने असिस्टेंट लोको पायलट की परीक्षा दी थी, जिसमें वह महज 6 अंकों से फेल हो गया था। परीक्षा में असफलता और आर्थिक कर्ज की चिंता को लेकर शुक्रवार पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान सुधाकर ने शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी।
रात में घर से बाहर गई थी महिला
पुलिस के मुताबिक, मारपीट के बाद सुधाकर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सो गया था। रात करीब 10:00 बजे महिला कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके कहीं चली गई थी। बाद में सुधाकर ने छत के रास्ते उतरकर कमरे की कुंडी खोली और आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब 06:00 बजे शिवपुरी कॉलोनी निवासी महेंद्र पाल सिंह ने फोन पर उसको सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है।
हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई। मृतका के मायके वाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मायका पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

