इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत स्वगणना पोर्टल के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। सीडीओ संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई गई।

जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक कराई जाएगी। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए भारत सरकार ने se.census.gov.in पोर्टल विकसित किया है। इसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

प्रशिक्षण में स्टेट मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा ने पोर्टल पर लॉगिन करने, स्वगणना की कार्यप्रणाली और पूछे जाने वाले 40 सवालों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद, एडीपीआरओ रोहित कुमार और जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा मौजूद रहीं।

सीडीओ ने ग्राम प्रधानों, सचिवों और पंचायत सहायकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक कर अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराएं, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।



Source link

अभी अभी की खबरें