थरियांव (फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार थार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस को दोनों बाइक सवारों के हेलमेट नहीं मिले हैं। हादसा दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) पर हुआ। इस दौरान थार की रफ्तार सौ किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक थी।

राधानगर थाना क्षेत्र के रमवां गांव के घघौली निवासी सूरजभान (56) खेती-किसानी के साथ मवेशियों का आयुर्वेदिक औषधियों से इलाज भी करते थे। शुक्रवार सुबह वह पड़ोसी गांव बसावनपुर निवासी ज्ञानेंद्र के साथ पल्सर बाइक से थरियांव थाना क्षेत्र के बरई खुर्द गांव जा रहे थे। वहां उन्हें एक मवेशी का इलाज करना था।

हाईवे पर थरियांव थाना क्षेत्र के सबसे अधिक दुर्घटना वाले स्थान आंबापुर के पास बाइक सवार किसी वाहन को ओवरटेक करने के बाद बरई खुर्द गांव की ओर मुड़ने लगे। तभी पीछे से आ रही थार ने बाईं ओर से बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार हाईवे पर गिर पड़े।

सूरजभान को थार ने कुचल दिया। टक्कर के बाद बाइक थार में फंस गई। चालक भागने की कोशिश में बाइक को करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद थार रुकी।

सीसी टीम प्रभारी सतीश पवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूरजभान को मृत पाया, जबकि घायल ज्ञानेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

थार में अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पुरानी थार की असली नंबर प्लेट गाड़ी से दूर मिली है। चर्चा है कि स्थायी नंबर होने के बावजूद वाहन पर अस्थायी नंबर प्लेट लगाकर उसे दौड़ाया जा रहा था।

हालांकि स्थायी नंबर प्लेट थार में होने की बात सामने आई है। थार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने थार मालिक कारोबारी मोहम्मद शाबिर निवासी सिविल लाइंस प्रयागराज को पकड़ा है।

किसान के बेटे रजनेश कुमार ने बताया कि पिता सुबह 5:30 बजे घर से किसी की भैंस का इलाज करने निकले थे। हादसे की जानकारी उन्हें पुलिस से मिली। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि बेटे रजनेश की तहरीर पर थार के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

ब्लैक स्पॉट पर पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

– 21 जनवरी 2026 को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी नाबालिग चंद्रसेन की आंबापुर में हाईवे पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी।

– दो अप्रैल को प्रयागराज के जलालपुर चंदौवा उर्फ पीठीपुर कौड़ियार निवासी विजय थारू (16) मवेशी लोड पिकअप में मजदूरी करने गया था। आंबापुर हाईवे पर ट्रैक्टर से पिकअप की भिड़ंत में उसकी मौत हो गई थी।

– नौ जून को बिहार के गया निवासी डॉ. नवीन कुमार शर्मा की कार आंबापुर हाईवे पर ट्रक से टकरा गई थी। एयरबैग खुलने से डॉक्टर की जान बच गई थी, हालांकि वह घायल हुए थे।

– 13 नवंबर को प्रयागराज निवासी विद्युत विभाग के एक्सईएन रत्नेश जायसवाल की कार आंबापुर ढाबे के पास हादसे का शिकार हुई।

50 की स्पीड का संकेतक, 100 से अधिक की रफ्तार में थी थार

आंबापुर के पास आए दिन सड़क हादसे होते हैं। यहां औसतन हर महीने एक से दो लोगों की जान जाती है। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए इस स्थान पर अधिकतम 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने का संकेतक लगा है। इसके बावजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का कारण बनी थार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक की रफ्तार में थी। थार को स्थायी पंजीकरण नंबर नवंबर 2025 में मिला था, जबकि उसका बीमा वर्ष 2028 तक वैध है।

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन

फाइल फोटो-20-फतेहपुर: सूरजभान। स्रोत: परिजन



Source link

अभी अभी की खबरें