जागरण संवाददाता, कासगंज। पटियाली क्षेत्र में गंगा में आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। छोटे बड़े दर्जनों गांव पानी में डूबने के कगार पर हैं। लोगों के घरों में पानी भर गया है। गंगा का जलस्तर खतरे का निशान पार कर 18 सेंटीमीटर ऊपर है। इस समय जल स्तर 162.58 मीटर है।
ग्रामीण अपने पशुओं को लेकर सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे हैं। तमाम पशु पानी में फंस गए हैं। हजारों बीघा फसल फलक तक डूब गई है। लोग छतों पर चढ़कर प्रशासनिक मदद के इंतजार में हैं। आपदा राहत टीमें बाढ़ प्रभावित गांवों में से स्टीमर के जरिए लोगों को निकाल रहीं है। कई गांव से संपर्क टूट चुका है।
जिले में गंगा का जलस्तर लगातार उतार-चढ़ाव के बीच तटवर्ती ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। पिछले 17 दिनों में गंगा का पानी तीन बार लाल निशान को पार कर चुका है।अब 18 सेंमी सबसे उच्च जलस्तर बढ़ने से पटियाली तहसील क्षेत्र के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का पानी खेतों से होता होता हुआ घरों में दाखिल हो गया।

गंगा के पानी में डूबे खेत और सड़कें।
प्रत्येक घर आधे से ज्यादा डूब चुका है लोग घरों की छतों पर चढ़ गए हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को दिन-रात गंगा के जलस्तर पर नजर रखनी पड़ रही है। गंगा मैया से रहम करने की मांग कर रहे। तीन दर्जन से अधिक गांव पानी की चपेट में है।
कछला पुल पर गंगा का खतरे का निशान 162.40 मीटर है, जबकि 162.58 मीटर पर बह रहा है। अब तक का सबसे ज्यादा जलस्तर रिकार्ड दर्ज किया गया है। जलस्तर बढ़ने पर लहरा, बघेला, मूझखेड़ा, नरपत नगला, जयकिशन नगला, खना, राजेपुर कर्रा सहित तटवर्ती क्षेत्रों में पानी भरने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं।
कई स्थानों पर खेत जलमग्न हैं और फसलें पानी में डूबने से किसानों को नुकसान हुआ है। निचले इलाकों में बनी झोपड़ियां और कच्चे मकानों तक पानी पहुंचने से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
बाढ़ के पानी से ग्रामीणों के आवागमन के रास्ते भी कट गए हैं। कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने और सड़क कटने से गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क कमजोर हो गया है। ग्रामीणों को जरूरी सामान ला पा रहे। बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जा रहा है। कुछ स्थानों पर लोग नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही खेतों में पानी भर जाता है। पानी कम होने के बाद भी दलदल और जलभराव के कारण राहत नहीं मिल पाती। लगातार बढ़ते-घटते जलस्तर ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
