जागरण संवाददाता, कुशीनगर। महिला और उसके दो बच्चों को अपने साथ ले जाने के विवाद में रविवार को पकड़ियार पुलिस बूथ पर जमकर हंगामा हुआ। शिकायत के बाद पुलिस बूथ पहुंचे आरोपित युवक ने अपने पिता के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। आरोप है कि दोनों ने नशे की हालत में दरोगा की वर्दी फाड़ दी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कलवारी पट्टी गांव निवासी युवती की शादी रामकोला थाना के भटवलिया गांव निवासी युवक से हुई है। उसके दो बच्चे हैं। पति के बाहर रहने और आपसी विवाद के चलते युवती इन दिनों मायके में रह रही है। आरोप है कि रविवार सुबह विजयपुर ठकुराई टोला निवासी सिगासन वहां पहुंचा और महिला व उसके दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाने लगा। इसको लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
मामले की शिकायत लेकर महिला की बहन पकड़ियार पुलिस बूथ पहुंची। पुलिसकर्मी मामले की जानकारी लेकर मौके पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरोपित सिगासन अपने पिता जगदीश प्रसाद के साथ बूथ पर पहुंच गया। आरोप है कि नशे की हालत में पिता-पुत्र पुलिसकर्मियों से उलझ गए। इस दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए दरोगा विरेन्द्र यादव की वर्दी फाड़ दी।
बूथ पर हंगामे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दोनों को थाने ले गए। इस बीच घटना का किसी ने 46 सेकेंड का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में पुलिस बूथ पर हुए हंगामे की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।
