अंबेडकरनगर। अकबरपुर में एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी अफसर कुरैशी की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई। विशेष न्यायाधीश मोहन कुमार ने पीड़िता के बयानों और केस डायरी में उपलब्ध साक्ष्यों को आधार बनाया। कोर्ट ने जमानत का पर्याप्त आधार नहीं पाया।
अकबरपुर के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 15 सितंबर की रात घर से निकली थी। गांव का रहीश उसे बहला-फुसलाकर लखनऊ ले गया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपपत्र कोर्ट में दाखिल किया। पीड़िता ने पुलिस और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिए। उसने बताया कि रास्ते में रहीश, अफसर और सूर्यभान मिले थे। अफसर ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर दुष्कर्म किया। इसके बाद रहीश उसे अपने घर और फिर लखनऊ ले गया।
पीड़िता ने लखनऊ में रहीश और फरीद पर भी जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। उसने रहीश के फोन से बहन को इंस्टाग्राम के जरिये सूचना दी, जिसके बाद परिवार उसे लेने पहुंचा। बचाव पक्ष ने मेडिकल रिपोर्ट और प्राथमिकी में आरोपी का नाम न होने का हवाला देकर जमानत मांगी। आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया। कोर्ट ने पीड़िता के दोनों बयानों में आरोपी की भूमिका का उल्लेख पाया और साक्षियों को प्रभावित किए जाने की आशंका जताते हुए जमानत अर्जी निरस्त कर दी।
