कुशीनगर में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला मीडिया प्रभारी पूनम जायसवाल ने पार्टी संगठन के नेताओं पर आरोप लगाने के बाद अपना बयान बदल दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं ने बातचीत कर उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश की है।
.
कुछ दिन पहले पूनम जायसवाल ने एक वीडियो जारी कर महिला मोर्चा में हाल में बांटे गए पदों को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि बड़े नेताओं का बिस्तर गर्म नहीं करने के कारण उन्हें पद नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पास पैसे नहीं थे कि पैसे के दम पर पद ले सकें।
वीडियो में उन्होंने कहा था कि पूरी पार्टी, मोदी और योगी खराब नहीं हैं। उनके मुताबिक, कुशीनगर में ‘रामलीला और रासलीला’ चल रही है, जहां पैसे दो, बेड गर्म करो और पद लो का खेल चल रहा है।
उनका बयान सामने आने के बाद भाजपा संगठन की ओर से कोई बयान नहीं आया था। पार्टी जिलाध्यक्ष ने कहा था कि पार्टी परिवार की तरह है और बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
इसके बाद पूनम जायसवाल ने दूसरा बयान जारी किया। उन्होंने कहा, ‘मेरी नाराजगी आप लोगों को देखने को मिल रही थी, लेकिन अब पार्टी के वरिष्ठ लोगों ने बातचीत करके मुझे न्याय दिलाने का प्रयास किया। मैं भाजपा की थी और भाजपा की ही रहूंगी।’
इस बयान के सामने आने के बाद पुराने सभी आरोपों को खारिज बताया जा रहा है लेकिन बिस्तर गर्म कर पद पाने जैसे गंभीर आरोपों की गूंज अभी भी पार्टी के कुछ लोग चटखारे लेकर सुनते और सुनाते नजर आ रहे हैं ।
