तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते दौर में विदेशी भाषा पाठ्यक्रम छात्रों के लिए बेहतर कॅरिअर का विकल्प बन रहे हैं। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कन्हैयालाल माणिकलाल संस्थान (केएमआई) में संचालित फ्रेंच, जर्मन और रूसी भाषा पाठ्यक्रमों में छात्र भाषा सीख कर लाखों का पैकेज कमा सकते हैं।
विदेशी भाषा पाठ्यक्रम प्रभारी डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि विदेशी भाषा के साथ एआई की समझ छात्रों को देश-विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर दिला सकती है। वर्ष 2026-27 सत्र से छात्रों को विदेशी भाषाओं के साथ एआई तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की भी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
छात्रों को यह सिखाया जाएगा कि एआई प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से प्रॉम्प्ट कैसे दिए जाएं और विभिन्न भाषाओं में तकनीक का बेहतर उपयोग कैसे किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि फ्रेंच भाषा सबसे अधिक लोकप्रिय बनी हुई है, जबकि जर्मन और रूसी भाषा की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। पिछले सत्र से एमए इन रशियन भी शुरू हो चुका है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि आने वाले समय में विदेशी भाषा और एआई स्किल्स का संयोजन छात्रों के लिए मजबूत कॅरिअर का आधार बनेगा, जो छात्र भाषा के साथ तकनीक की समझ विकसित करेंगे, उनके लिए रोजगार और आय की संभावनाएं लगातार बढ़ेंगी। एमए और डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूरा करने वाले छात्रों को पर्यटन, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, विदेशी दूतावासों, इंटरनेशनल बिजनेस और शिक्षा संस्थानों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। कई छात्रों को देश-विदेश की कंपनियों में लाखों रुपये के पैकेज पर नौकरी मिली है।
किसमें कितनी सीट और फीस (विभाग के अनुसार)
-एमए फ्रेंच -15 सीट 12,500 रुपये प्रति सेमेस्टर
-एमए रूसी भाषा- 15 सीट 10,500 रुपये प्रति साल
-तीनों भाषा के कोर्स सीट फीस
– सर्टिफिकेट कोर्स -50 -6800 रुपये प्रति साल
– सर्टिफिकेट डिप्लोमा -30 -7800 रुपये प्रति साल
– एडवांस्ड डिप्लोमा -15 8800 रुपये प्रति साल
(एमए में वही छात्र प्रवेश कर सकते हैं जो इन तीनों डिप्लोमा को पास करेंगे। तीनों कोर्स एक साल के हैं।)
