Last Updated:
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पहली बार फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग ने अनुदान योजना शुरू की है. इसके तहत ग्लेडियोलस की खेती के लिए 3 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. किसान उद्यान विभाग से पौधे प्राप्त कर इसकी खेती शुरू कर सकते हैं. जानिए ग्लेडियोलस की बुवाई का सही समय, ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया और आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज.
मऊ: अगर आप बेरोजगार हैं और खेती के जरिए अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो ग्लेडियोलस फूलों की खेती आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है. खास बात यह है कि अब उद्यान विभाग की ओर से मऊ जनपद में पहली बार फूलों की खेती पर अनुदान दिया जा रहा है. इसके तहत किसानों को ग्लेडियोलस के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं. ऐसे में किसान कम लागत में फूलों की खेती शुरू कर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं. आइए जानते हैं कि इस योजना का लाभ कैसे उठा सकते हैं और इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया क्या है.
जनपद में पहली बार फूलों की खेती पर मिल रहा अनुदान
लोकल 18 से बातचीत करते हुए जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मऊ जनपद में अब तक फूलों की खेती सीमित स्तर पर होती थी और विभाग की ओर से इसके लिए कोई अनुदान नहीं दिया जाता था. लेकिन इस वर्ष फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष फोकस किया गया है. इसके तहत ग्लेडियोलस की खेती के लिए उद्यान विभाग को जनपद में 3 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है. इसके पौधे हाफेड से उपलब्ध कराए गए हैं. जिन किसानों के पास अपनी भूमि है, वे उद्यान विभाग से पौधे लेकर इसकी खेती शुरू कर सकते हैं. पहली बार जनपद में इस तरह की पहल की जा रही है. किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए विभाग की ओर से समय-समय पर मार्गदर्शन और निरीक्षण भी किया जा रहा है.
इस पोर्टल पर करें ऑनलाइन पंजीकरण
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार, ग्लेडियोलस के पौधों की बुवाई के लिए नवंबर का महीना उपयुक्त होता है. ऐसे में जो किसान इसकी खेती करना चाहते हैं, वे उद्यान विभाग के पोर्टल upharticulure.com पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं. अधिकारी ने बताया कि अगले सीजन के लिए पौधे प्राप्त करने के इच्छुक किसानों को अप्रैल महीने में पोर्टल पर आवेदन करना बेहतर रहता है. इससे उन्हें समय पर पौधे उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. हालांकि, इस सीजन में खेती शुरू करने के इच्छुक किसान पौधों की उपलब्धता के लिए सीधे उद्यान विभाग से संपर्क कर सकते हैं.
इन दस्तावेजों के साथ करें आवेदन
ग्लेडियोलस की खेती के लिए पौधे प्राप्त करने के इच्छुक किसानों को उद्यान विभाग में आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, खतौनी, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ पंजीकरण कराना होगा. ऑनलाइन आवेदन के दौरान दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा. इसे दर्ज करके आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इसके बाद किसान विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं.
3 हेक्टेयर में ग्लेडियोलस की खेती का मिला लक्ष्य
मऊ जनपद में इस वर्ष उद्यान विभाग को ग्लेडियोलस की खेती के लिए 3 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है. विभाग की ओर से किसानों को पौधे उपलब्ध कराने के साथ ही खेती के दौरान मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है. ऐसे में जिन किसानों के पास जमीन है और वे खेती के जरिए अपना रोजगार शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक नया अवसर हो सकता है. हालांकि, खेती से होने वाली कमाई उत्पादन, बाजार में फूलों की मांग और बिक्री की कीमत पर निर्भर करेगी.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
