जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठे युवक के हाथ से बदमाश ने मोबाइल झपट लिया। इससे युवक ट्रेन से नीचे गिर गया। युवक का ट्रेन से एक पैर कट गया। आधे घंटे तक युवक ट्रैक पर ही पड़ा रहा। अत्यधिक रक्तस्राव से युवक की मौत हो गई।

जिला महाराजगंज के भारत खंड पकड़ी निवासी 22 वर्षीय आशीष भारती दिल्ली में मजदूरी करता था। आशीष अपने चचेरे भाई विश्वनाथ और गांव के एक अन्य युवक कंचन के साथ महाराजगंज से दिल्ली जा रहा था। तीनों युवक जनरल कोच में बैठे हुए थे। आशीष कोच के दरवाजे पर मोबाइल लेकर बैठा था। रात 7:15 पर गाजियाबाद और साहिबाबाद स्टेशन के बीच ट्रेन की गति धीमी हो गई।

इस दौरान एक बदमाश ने आशीष के हाथ से मोबाइल झपट लिया। इससे आशीष ट्रेन से नीचे गिर गया। उसके साथ बैठे विश्वनाथ और कंचन ने ट्रेन में बैठे अन्य लोगों से गुहार लगाई कि चेन पुलिंग कर उसे रोक दें, लेकिन ट्रेन में भीड़ इतनी अधिक थी के किसी भी यात्री ने चेन पुलिंग नहीं की। ट्रेन आनंद विहार आकर रुकी। विश्वनाथ और कंचन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उतरे और ऑटो से साहिबाबाद स्टेशन पर पहुंचे। यहां उन्हें बताया गया कि आशीष को जिला में एमजीएस अस्पताल में भेजा गया है।

विश्वनाथ और कंचन एमएमजी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्हें बताया गया कि आशीष की मौत हो चुकी है। इसके बाद दिल्ली से भी मृतक के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। स्वजन बताया कि आरपीएफ रात 8: 25 बजे आशीष को अस्पताल लेकर पहुंची। आशीष आधे घंटे से ज्यादा समय तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा।

हादसे के एक घंटा 10 मिनट बाद आशीष को अस्पताल पहुंचाया। अगर उसे समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच जाती। आशीष के सबको मोर्चरी पर रखवा दिया गया है। आरपीएफ ने हादसे की सूचना महाराजगंज में उसके माता-पिता को दी है।



Source link