पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने लखनऊ और बलिया से हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी ने बलिया की गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक आरोपी विकास मिश्रा को लखनऊ के एक होटल से गिरफ्तार किया गया, जबकि गोलू सिंह को बलिया से दबोचा गया। एजेंसी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। सीबीआई दोनों आरोपियों को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश करेंगी। कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए भी सीबीआई अर्जी दे सकती है।
उधर, हत्याकांड में फरार बलिया के ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू ने बृहस्पतिवार को बलिया की गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ज्ञानेंद्र शातिर अपराधी है। उस पर एक दर्जन केस दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। उसी में वह वांछित थी। मौका पाकर उसने सरेंडर कर दिया। सीबीआई हत्याकांड की गहनता से छानबीन कर रही है। उसी में यूपी से कनेक्शन सामने आया था। उसी के तहत यहां कार्रवाई शुरू की है। कई और आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
छह मई को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि छह मई को पश्चिम बंगाल में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। जांच एजेंसी हत्या के पीछे की साजिश, फंडिंग, आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
