उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (6 सितंबर 2026) को बाढ़ प्रभावित चित्रकूट पहुंचे. दोपहर करीब 12:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर देवांगना एयरपोर्ट पर उतरा. उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे. एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के उफान से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया और इसके बाद सीधे रामघाट पहुंचे.

रामघाट पहुंचकर सीएम योगी ने बाढ़ से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने के निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें- ‘राजनीतिक पार्टियों ने किया हाईजैक’, CJP को लेकर बोलीं मायावती

क्षतिग्रस्त तुलसीदास प्रतिमा देखकर जताई चिंता

रामघाट का जायजा लेते समय मुख्यमंत्री संत तुलसीदास की बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हुई प्रतिमा के पास भी रुके. प्रतिमा की स्थिति देखकर उन्होंने चिंता जताई. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रतिमा के जीर्णोद्धार और उसकी सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली. बाढ़ के तेज पानी से रामघाट क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है.

36 गांव प्रभावित, राहत शिविर जाएंगे सीएम

मंदाकिनी नदी के उफान से चित्रकूट जिले के 36 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. कई कच्चे और पक्के मकानों के क्षतिग्रस्त होने के साथ किसानों की खरीफ की फसलें भी पानी में डूब गई हैं. मुख्यमंत्री ने सीतापुर रैन बसेरा में बनाए गए राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों से मुला की. रामायण प्रेक्षागृह में राहत सामग्री की किट भी वितरित करने का कार्यक्रम है.

बाढ़ को देखते हुए रामघाट पर जल पुलिस और गोताखोरों को तैनात किया गया है. नाव, मोटरबोट और जाल के जरिए घाट क्षेत्र पर निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और किसी भी अनहोनी को रोकने पर है.

यह भी पढ़ें- लखनऊ में डबल डेकर बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा



Source link