अजीतमल में परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि कोई महिला अपने हुनर को पहचानकर आगे बढ़ने का संकल्प ले ले, तो वह न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती है, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त कर
.
सीमित आय में परिवार चलाना बना बड़ी चुनौती
वर्ष 2011 में इटावा निवासी ममता का विवाह अजीतमल के जितेंद्र राजपूत के साथ हुआ था। समय बीतने के साथ तीन बेटियों के पालन-पोषण और निजी विद्यालयों में उनकी शिक्षा का खर्च सीमित आय में पूरा करना कठिन होने लगा। बच्चों की स्कूल फीस, ट्यूशन, कॉपी-किताबों और घर के दैनिक खर्चों को संभालना हर महीने एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा था।
हुनर को बनाया रोजगार का जरिया
कठिन परिस्थितियों के आगे घुटने टेकने के बजाय ममता ने अपने हुनर को निखारने का निर्णय लिया। उन्होंने ब्यूटीशियन का व्यावसायिक प्रशिक्षण हासिल किया और अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। शुरुआती दिनों में ग्राहक जुटाना आसान नहीं था और आमदनी भी सीमित रही, लेकिन उन्होंने धैर्य और अपनी लगन को कम नहीं होने दिया। धीरे-धीरे उत्कृष्ट कार्य और सौम्य व्यवहार के बल पर उन्होंने महिलाओं का विश्वास जीता, जिससे पार्लर में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ने लगी।
आज उनका यही हुनर परिवार की आर्थिक मजबूती का मुख्य स्तंभ बन चुका है और वह अन्य महिलाओं को भी रोजगार प्रदान कर रही हैं।
खुद आगे बढ़ीं, अब दूसरों को भी बना रहीं स्वावलंबी
ममता ने अपने हुनर को केवल स्वयं तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने क्षेत्र की अन्य महिलाओं और युवतियों को ब्यूटीशियन व सौंदर्य संबंधी कार्यों का नि:शुल्क व व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के उपरांत उन्होंने महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होकर आय अर्जित करने का मार्ग भी दिखाया।

ममता का निरंतर प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर या घरेलू जिम्मेदारियों में बंधी महिलाएं अपने भीतर छिपी क्षमता को पहचानें और उसे अपनी आजीविका का माध्यम बनाएं। उनका स्पष्ट मानना है कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका प्रत्यक्ष लाभ पूरे परिवार और समाज को मिलता है।

बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
ममता अपनी तीनों बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के साथ-साथ उन्हें हर स्थिति में आत्मनिर्भर बनाने का सपना देख रही हैं। उनका संदेश है कि महिलाओं को परिस्थितियों के बदलने का इंतजार करने के बजाय अपनी क्षमता पर विश्वास करके आगे बढ़ना चाहिए।
ममता कहती हैं, “मुश्किल समय हमेशा नहीं रहता। मेहनत, हिम्मत और हुनर से रास्ता जरूर निकलता है। मैंने अपने लिए राह बनाई है और अब मेरी कोशिश है कि दूसरी महिलाएं भी अपने हुनर के दम पर खुद का रास्ता बनाएं।”
