कासगंज जिले के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सड़क किनारे एक 50 साल के व्यक्ति का शव मिला। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
.
मृतक की पहचान गांव राम छितोनी निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र रणवीर सिंह के तौर पर हुई है।
परिजनों ने बताया कि विजेंद्र सिंह किसी काम से बाइक से गडका गांव गए थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि गडका गांव के पास सड़क किनारे विजेंद्र का शव पड़ा है। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में लग रहा है कि व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हुई है। हालांकि, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
