धर्मपाल आर्या, सिंभावली। हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के राजपुर मढ़ैया गांव में बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया।
चोर घर से करीब 25 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद भी पुलिस चोरों का पता नहीं लग पा रही है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के राजपुर मढ़ैया गांव के नरेंद्र शर्मा के दो बेटे नवीन और पंकज विवाहित हैं। उनके बड़े बेटे नवीन की नौकरी नीदरलैंड में लगी है। उसे विदेश रवाना करने के लिए परिवार के सदस्य और दोनों विवाहित बेटियों सहित अन्य रिश्तेदार घर आए हुए थे।
वापस लौटते ही घर का सामान मिला बिखरा..
शुक्रवार देर शाम परिवार के लोग नवीन को विदा करने के लिए एयरपोर्ट चले गए। इस दौरान मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरों में रखी अलमारियों को खंगाल डाला।
शनिवार सुबह परिवार के लोग वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों की जांच करने पर सोने के दो गले के सेट, चार चूड़ियां, आठ अंगूठियां, चार सोने की चेन, मंगलसूत्र, एक कड़ा और तीन जोड़ी कानों के झुमके गायब मिले।
प्रकरण की जांच जारी..
इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुए और अलमारी में रखे 30 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए। इससे पहले 16 नवंबर को हरोड़ा गांव में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर और गांव में लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच करते हुए चोरों की तलाश की जा रही है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
