मधुबन (मऊ)। नगर पंचायत के पांती रोड स्थित गांधी मैदान में शनिवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जनसंवाद सभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। राम मंदिर में चंदा चोरी के प्रकरण पर कहा कि जो सरकार भगवान राम की नहीं हुई, वह जनता की क्या होगी।
सरकार का नारा राम-राम जपना, पराया माल अपना है। उन्होंने राम मंदिर के लिए जमीन खरीद और निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार तथा 40 प्रतिशत कमीशनखोरी का आरोप लगाया। कहा कि भगवान राम के साथ छल करने वालों को जनता अपने वोट की ताकत से जवाब दे और भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराए।
बेरोजगारी, राम मंदिर निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं।
संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवा जब प्रधानमंत्री से नौकरी मांगते हैं तो उन्हें गुजरात से नौकरी लाने और गोबर से नौकरी देने जैसी बातें कही जाती हैं, लेकिन युवाओं को अब तक रोजगार नहीं मिला।
उन्होंने भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से उन्होंने पार्टी का नाम भारतीय झूठा पार्टी रख दिया है।
संजय ने मधुबन विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने देवरांचल में घाघरा नदी की कटान, गोंड जाति के लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग और क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा सदन में उठाने की बात कही।
उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश मिश्रा की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
