सोमवती अमावस्या पर चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा करने और पुण्य लाभ कमाने के लिए मऊरानीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार रात को मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटना शुरू हो गए। इस कारण पूरा स्टेशन परिसर व दोनों प्लेटफार्म जय श्री राम और कामतानाथ महाराज की जय के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। इस यात्रा में न केवल स्थानीय बल्कि मध्य प्रदेश के सैकड़ों गांवों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होने पहुंचे।
रात के समय भी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और फुटओवर ब्रिज से लेकर मुख्य परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। लोग ट्रेनों का इंतजार करते और जमीन पर ही डेरा डाले नजर आए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोमवती अमावस्या के दिन चित्रकूट के पवित्र कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा करना अत्यंत पुनीत और फलदायी माना जाता है। इसी आस्था के चलते गर्मी व रात की परवाह किए बिना लोग भारी संख्या में चित्रकूट धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने कहा कि पर्व विशेष को देखते हुए यदि रेलवे प्रशासन द्वारा अतिरिक्त कोच या विशेष मेला ट्रेनों की व्यवस्था की जाती, तो यात्रियों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता।
स्टेशन मास्टर जय सिंह राजावत ने बताया कि दो मेला स्पेशल ट्रेन चलाईं गईं हैं। रात के समय एक मेला स्पेशल ट्रेन भी चलाई गई है।
मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु…
