छत पर गमले ठीक करते समय हुआ हादसा
घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर-9 स्थित न्यू कछियाना मोहल्ले की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। वह रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और ट्रॉली मैन के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के मुताबिक, भाई दूज पर दीपक अपनी पत्नी आरती को बंगरा जाने वाली बस में बैठाकर घर लौट आए थे। आरती अपने मायके में भाई को टीका लगाने गई थीं। घर पहुंचने के बाद शाम करीब 4 बजे दीपक छत पर रखे पौधों के गमलों को व्यवस्थित करने के लिए गए।
छत पर बाउंड्रीवॉल नहीं थी
बताया गया कि मकान की छत के किनारे बाउंड्रीवॉल नहीं बनी थी। गमलों को ठीक करते समय अचानक दीपक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर जा गिरे। परिजन उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
