ललितपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में तैनात उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिन्हा ( 52) की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथी कर्मचारी उन्हें अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। मूल रूप से बिहार के नालंदा निवासी राकेश कुमार ललितपुर के आरपीएफ थाने में तैनात थे। उनकी बेटी शिखा ने अवैध वसूली के नाम पर मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पिता के मोबाइल में मौजूद व्हाट्सएप संदेश, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
राकेश के बड़े भाई अनिल सिन्हा ने बताया कि रविवार सुबह करीब तीन बजे उन्हें फोन पर भाई को ब्रेन हेमरेज होने की सूचना मिली। दोपहर में मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो भाई मृत मिले। साथी कर्मचारियों से मौत के कारणों की संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि राकेश शुक्रवार को विभाग की ओर से आयोजित फायरिंग अभ्यास में शामिल होने गए थे।
वहीं, बेटी शिखा का आरोप है कि शुक्रवार देर रात पिता ने उन्हें व्हाट्सएप संदेश भेजकर अपनी जान को खतरा बताया था। संदेशों में उन्होंने एक इंस्पेक्टर पर एनकाउंटर कराने या जहर देकर मरवाने की आशंका जताई थी। बेटी ने मोबाइल में मौजूद व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।
—————————-
पैनल से हुआ पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी भी कराई
मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मौत की वजह हार्ट अटैक सामने आई है। हालांकि, पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।
—————————–
मोबाइल फोन की जांच से सामने आ सकते हैं तथ्य
परिजनों ने मोबाइल में मौजूद संदेशों और कॉल रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच से कथित मानसिक प्रताड़ना और दबाव से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। राकेश किस मामले की विवेचना कर रहे थे और क्या उन पर किसी तरह का दबाव बनाया जा रहा था, यह भी जांच का विषय है।
——————————-
आरपीएफ के उपनिरीक्षक की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटी की ओर से लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर
