Last Updated:
Mathura News: यूपी के मथुरा जिले की एक शादी की काफी चर्चा हो रही है. इस शादी में दिलदार जीजा ने अपने दो सालों को एक-एक करोड़ रुपए की माला पहनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि अब तक आयकर विभाग द्वारा इस वीडियो पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है.
एक-एक करोड़ की माला
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की एक शादी इन दिनों काफी चर्चा में है. शादियों के सीजन में यह अनोखी शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही. अक्सर आपने दूल्हे के गले में नोटों की माला देखी होगी, जिसमें 500, 100, 50, 20 या 10 के नोट लगे होते हैं, जिनकी अधिकतम कीमत 2000 से 3000 तक होती है. मगर मथुरा में एक जीजा ने अपने दो सालों को नोटों की ऐसी माला पहनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के बाद अब जीजा की संपत्ति पर सवाल खड़े हो गए हैं.
दरअसल मथुरा स्थित सुरीर के गांव नगला फोंदा में शनिवार, 21 नवंबर के दिन हुई एक घुड़चढ़ी में जीजा ने अपने दो सालों को एक-एक करोड़ की माला पहनाई. जीजा के द्वारा सालों पर लुटाया गया ये प्यार देखकर पूरे गांव में हलचल तेज हो गई. दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ हुई है. दोनों साले जीजा की बनाई नोटों की माला पहनने के लिए छत पर चढ़ गए, तब जाकर वे दोनों माला पहन सके.
सरंपच जीजा के पास कहां से आए करोड़ों रुपए
वहीं दूसरी तरफ अब सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर नोटों की माला पहनाने वाले जीजा के पास इतनी संपत्ति कहां से आई. जानकारी के मुताबिक, जीजा योगेश कुमार गांव के सरपंच हैं, वहीं दोनों साले मार्बल शोरूम के संचालक हैं. इस पूरे मामले पर जीजा से बात करने की कोशिश की गई, तो जीजा योगेश कुमार ने कैमरे के सामने कुछ बोलने से इनकार कर दिया.
आयकर विभाग द्वारा जांच की पुष्टि नहीं
ऐसे में सवाल खड़े हो गए हैं कि सरंपच का कार्य करने वाले जीजा के पास करोड़ों रुपए कहां से आएं. हालांकि नोटों के नकदी रकम की अभी तक अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, ना ही किसी आयकर विभाग द्वारा जांच या कार्रवाई की पुष्टि की गई है. मगर मथुरा के इस गांव में करोड़ों वाली घुड़चढ़ी का यह मामला मथुरा से लेकर राजस्थान तक फैल गया है. किसी आधिकारिक कार्रवाई के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी.

