Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय विधानसभा में भी आगामी होने चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चंदौली जिले की मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र संख्या 380 में भी भारतीय जनता पार्टी से टिकट पाने के इच्छुक नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। संभावित दावेदार जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ ही संगठन और पार्टी नेतृत्व तक अपनी दावेदारी पहुंचाने में जुटे हैं। कोई सामाजिक समीकरण तो कोई संगठन में अपनी लंबी सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को टिकट का आधार बना रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता डॉ. प्रदीप मौर्य ने भी मुगलसराय विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

डॉ. प्रदीप मौर्य अपनी दावेदारी के पीछे संगठन में लंबे समय से निभाई गई जिम्मेदारियों और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा को प्रमुख आधार बता रहे हैं। उनका कहना है कि वह भारतीय जनता पार्टी के अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में करीब एक दशक से लगातार संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पूर्व वह ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका परिषद के चुनाव में उन्हें चुनाव संयोजक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

डॉ. मौर्य का कहना है कि पार्टी संगठन ने समय-समय पर उन्हें जो भी दायित्व सौंपा, उसका निर्वहन उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया है। वह ओबीसी समाज से आते हैं और मौर्य बिरादरी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उनका मानना है कि विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक प्रतिनिधित्व को भी उचित अवसर मिलना चाहिए। वह क्षेत्र के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने की इच्छा रखते हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार जिस विकास की सोच और जनकल्याणकारी संकल्प के साथ कार्य कर रही है, उससे प्रेरित होकर वह भी मुगलसराय विधानसभा के विकास में योगदान देना चाहते हैं। यदि पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जताकर चुनाव लड़ने का अवसर देता है तो वह क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने, विकास कार्यों को गति देने और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी क्षमता से कार्य करेंगे।

डॉ. प्रदीप मौर्य ने पार्टी नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह संगठन के समर्पित सिपाही हैं और पार्टी का जो भी निर्णय होगा, उसे स्वीकार करेंगे। उनका उद्देश्य मुगलसराय विधानसभा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना और क्षेत्र को एक अलग पहचान दिलाना है।फिलहाल मुगलसराय विधानसभा में भाजपा के संभावित टिकट दावेदारों की बढ़ती सक्रियता से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। ओबीसी समीकरण, सामाजिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर डॉ. प्रदीप मौर्य की दावेदारी भी चर्चा का विषय बन रही है। अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा किस चेहरे पर भरोसा जताती है।



Source link