Girl Climbs Water Tank Demands Police Call Young Man

पानी की टंकी पर चढ़ी युवती।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कल्होर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। युवती को टंकी पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। इसके लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया।


जानकारी के मुताबिक बिछवां थाना क्षेत्र के गांव आलीपुर खेड़ा निवासी युवती का दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव कंजाहर निवासी एक युवक से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। युवती टंकी पर चढ़कर युवक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गई। वहीं, स्थानीय स्तर पर इस मामले को प्रेम संबंध से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जा रहा है कि युवती पहले से शादीशुदा है। जिस युवक को बुलाने की मांग युवती कर रही थी, उसकी रविवार रात एलाऊ थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात गई हुई थी। सोमवार सुबह युवती के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक से संपर्क किया। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब युवती नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई तो पुलिस ने युवक को उसकी विदाई के बाद मौके पर बुला लिया। युवक गाड़ी में बैठकर युवती से फोन पर बात करने लगा। इसके बाद युवती टंकी से नीचे उतर आई।

पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए युवक और युवती दोनों को घिरोर थाने पहुंचाया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

 



Source link

अभी अभी की खबरें