कैंट क्षेत्र में स्थित एक नामचीन स्कूल में छात्र के धर्मांतरण से जुड़े पुराने मुकदमे की जांच के लिए गठित कमेटी पर ही आपराधिक साजिश रचने और कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने के आरोप लगे हैं। छात्र के पिता की शिकायत के बाद कोर्ट के आदेश पर उन्नाव में जांच कमेटी में शामिल रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी विक्रमजीत तिवारी, स्कूल के चेयरमैन लारेंस फर्नाडीज वाल्टर डिसिल्वा समेत 11 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मैनेजर रोशनी सीजे, सोना खान, आलिव रोज क्लेब, रोहित क्लेब, कल्पना दुरई, कृतज्ञ यादव, दीपेंद्र यादव और लोकेश श्रीवास्तव भी नामजद हैं। शुक्रवार को मुकदमा छावनी थाने ट्रांसफर किया गया है। अब मामले की विवेचना कानपुर पुलिस करेगी।
