आगरा में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के नाम पर घोटाला किया जा रहा है। लॉयर्स कॉलोनी में पार्षद ने सफाईकर्मियों की कम तैनाती की शिकायत की, जिस पर अपर नगर आयुक्त जांच के लिए पहुंचे। रजिस्टर में 30 सफाईकर्मियों की हाजिरी लगी थी लेकिन पूरे क्षेत्र में घूमने पर केवल 15 ही मिले। इस पर सुपरवाइजर बाबूलाल को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में अपर नगर आयुक्त जांच कर रहे हैं।
वार्ड 34 लाॅयर्स कॉलोनी के पार्षद अमित दिवाकर ने शिकायत की थी कि उनके क्षेत्र में सफाई नायक फर्जी सफाई कर्मचारियों की हाजिरी लगाकर बड़ा खेल कर रहा है। वार्ड में करीब 30 सफाई कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन इतने कर्मचारी कभी नजर नहीं आए। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने औचक निरीक्षण किया तो सुपरवाइजर बाबूलाल ने झूठ बोला कि कर्मचारी वार्ड में काम कर रहे हैं। वह हाजिरी ले चुका है। इस पर अपर नगर आयुक्त ने हाजिरी रजिस्टर तलब करके वार्ड का दौरा किया तो केवल 15 कर्मचारी ही मिले। इस पर अपर नगर आयुक्त ने सफाई नायक बाबूलाल को निलंबित कर दिया है।