मोंठ /मऊरानीपुर/गरौठा/एरच/ककरबई/भंडरा/भदरवारा। शारदीय नवरात्र के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

ग्राम भंडरा में शिवजी मंदिर के पास मोहल्लेवासियों ने मां अंबे गौरी की झांकी स्थापित की है। मऊरानीपुर के हनुमान जी बगिया मंदिर में 40 वर्षों से देवी प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा है। रिंकू महाराज ने माता जगदंबे का शृंगार किया, जिसके बाद महाआरती हुई। एरच में नौ देवालय मंदिर और बरई माता सहित सभी मंदिरों पर भव्य शृंगार और सुबह-शाम आरती हो रही है। गरौठा में नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा देवी की भव्य झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान कर मां का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया।

धार्मिक आयोजनों की धूम

ककरबई में देवी मंदिरों में सुबह-शाम आरती के दौरान भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। एरच में रामलीला परिसर, मोहल्ला बाजार और मोहल्ला तलैयापुरा के पंडालों में भी सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। भंडरा के धायपुरा स्थित मरई माता मंदिर प्रांगण में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के चतुर्थ दिवस पर आचार्य दिव्यांग भूषण बादल घाटकोटरा ने कथा प्रसंगों का रोचक वर्णन किया। यजमान रोशनी गोटीराम पाल ने आरती उतारी।

भक्ति और उत्साह का माहौल

क्षेत्र के नयागांव, बरुआमाफ, धायपुरा सहित विभिन्न गांवों में दुर्गा पंडाल सजाए गए हैं। इनमें मां दुर्गा के आकर्षक स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडालों में सुबह और शाम होने वाली आरती में घंटा घड़ियाल और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। गरौठा में गिद्धवासिनी माता मंदिर, अंजनी माता मंदिर सहित कई मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। स्थानीय पुलिस द्वारा ककरबई में सभी दुर्गा पंडालों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें