आगरा के थाना सदर के रोहता क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर आए युवक ने बालियां देखीं। पसंद कर एक बाली को संभाल कर रखने की बोलकर एडवांस में एक हजार रुपये दिए। नोट हाथ में लेने के कुछ ही सेकेंड बाद दुकानदार बेसुध हो गए। युवक ने दराज से दो पैकेट निकाले और साथी के साथ भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर के रोहता क्षेत्र में निशांत सोनी की ओम ज्वेलर्स नाम से दुकान है। निशांत ने बताया कि वह बुधवार को दुकान के काम से आगरा से बाहर थे। दुकान पर पिता गोलाराम सैनी बैठे हुए थे। दोपहर 3 बजे के करीब एक बाइक पर दो युवक आए। उनमें से एक दुकान के अंदर आया। बच्ची के लिए कान की बालियां दिखाने को कहा। एक बाली पसंद की और 1 हजार रुपये देकर उन्हें अलग रखने को कहा। कुछ देर बाद बाकी के रुपये देकर बाली ले जाने का आश्वासन दिया। एडवांस में दिए नोट हाथ में लेने के कुछ ही सेकेंड के बाद पिता बेसुध हो गए।