परिजनों ने शव कब्र से निकलवाने की मांग की।
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के नवादा कंजा गांव में प्रियंका मिश्रा की मौत को लेकर विवाद है। परिजनों ने इरशाद और उसके परिवार पर प्रियंका को बहला-फुसलाकर ले जाने, हत्या करने और शव दफनाने का आरोप लगाया है।
.
पुलिस का कहना है कि प्रियंका की मौत बीमारी से हुई थी। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे प्रियंका के परिजन अखिल भारतीय हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा और हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।
निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रियंका का शव कब्र से निकलवाने की मांग की।
प्रियंका के चचेरे भाई अरुण मिश्रा ने आरोप लगाया कि इरशाद ने उनकी बहन को प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ रखा था। अरुण के मुताबिक, गांव के लोगों से उन्हें पता चला कि प्रियंका की हत्या कर शव गौनेरी दान गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।

हत्या का आरोप लगाकर एसपी से मिले परिजन।
परिवार ने प्रार्थना पत्र में कई लोगों पर संदेह जताया और जांच की मांग की। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाए।
न्याय दिलाने और शव निकलवाने की मांग
उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने और शव निकलवाने की मांग की। जहानाबाद थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि प्रियंका और इरशाद की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी।
उनकी 12 साल की बेटी और 10 साल का बेटा है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर प्रियंका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट नहीं मिली और विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
