बीबीपुर के पास रविवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल बाइक सवार युवक और किशोर को सीएचसी ले जाया गया। जहां से युवक को मृत घोषित कर दिया गया। किशोर को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पट्टी के कंजा सराय गुलामी निवासी जमील का बेटा फैज (20) रविवार की शाम गांव के रिजवान के बेटे फरहान (15) के साथ बाइक से पट्टी बाजार जा रहा था। बीबीपुर के पास कोहड़ौर की तरफ से आ रही बोलेरो से टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार युवक और किशोर सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी पट्टी भेजा। सीएचसी में फैज की मौत हो गई। फरहान को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

मृतक फैज के एक भाई और तीन बहनें हैं। प्रभारी निरीक्षक सोमनाथ साहनी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

बाइक से टकराकर घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत

12 नवंबर को बाइक से टकराकर घायल हुए व्यक्ति की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। लालगंज के अर्जुनपुर गांव निवासी हरीलाल सरोज (52) 13 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे पैदल रानीगंज कैथौला बाजार जा रहे थे।

पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया था। हरीलाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Source link