रामपुर। एसआईआर और सघन जांच के बाद भी मतदाता सूचियों की गड़बड़ियां दूर नहीं हो सकीं। नगर विधानसभा क्षेत्र में एक ही मतदाता का नाम दो से तीन अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होने के मामले सामने आए हैं।

हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में मतदाताओं के फोटो तक एडिट कर अलग-अलग प्रविष्टियों में लगाए गए हैं। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने इस मामले में डीएम को पत्र लिखकर जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसके लिए एसआईआर के तहत भी व्यापक स्तर पर जांच की गई, लेकिन इसके बाद प्रकाशित सूचियों में भी गंभीर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।

विधायक आकाश सक्सेना के मुताबिक, भाग संख्या 74 में मतदाता क्रमांक 378 और 379 पर नेहा खान का नाम दर्ज है। एक प्रविष्टि में पति का नाम और दूसरी में पिता का नाम अंकित है, जबकि दोनों में फोटो एक ही है। इसी तरह भाग संख्या 90 में मतदाता क्रमांक 667, 668 और 676 पर सुलेमान का नाम दर्ज है। इनमें पिता के नाम में छेड़छाड़ की गई है।

इसके अलावा भाग संख्या 92 में मतदाता क्रमांक 571 और 572 पर नेहा के नाम की दो प्रविष्टियां हैं। भाग संख्या 93 में क्रमांक 355 और 356 पर मोहम्मद नदीम का नाम दो बार दर्ज है। विधायक का कहना है कि ऐसे अन्य मामले भी सामने आए हैं।

उन्होंने पत्र में कहा है कि मतदाता सूचियों में इस तरह की गड़बड़ियां सामान्य मानवीय भूल नहीं लगतीं। इससे संबंधित कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोहरी प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने और गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



Source link

अभी अभी की खबरें