बिलारी के कमालपुर चंदौरा गांव में प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान की हत्या करने वाले आरोपी अजय और उसके पिता योगेंद्र ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया जबकि पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान अपने गांव कमालपुर चंदौरा में स्कूल के पास टहल रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया था। वह अपनी जान बचाने को मुनेश पाल के घर में घुस गए थे। इसी दौरान वहां हमलावर भी पहुंच गए और उन्हें दो गोलियां मारी गई थीं और सिर पर फरसे हमला कर दिया था।
इसके बाद हमलावर भाग गए थे। परिजन घायल अवस्था में रंजीत को अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। प्रापर्टी डीलर के भाई पिंकू चौहान ने गांव निवासी अजय और उसके पिता योगेंद्र और अजय के दो रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें पिंकू ने बताया कि उसके भाई रंजीत और अजय की बहन के बीच प्रेम संबंध थे।
इसी बात से अजय और उसके पिता रंजिश रखते थे। इसी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। एसएसपी ने पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी को लगाई थी पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है लेकिन शुक्रवार को अजय और उसका पिता योगेंद्र ने अपने अधिवक्ता के जरिए कोर्ट में सरेंडर प्रार्थना पत्र दाखिल किया।
इसके बाद पिता- पुत्र ने सरेंडर कर दिया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। इस मामले में उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
