Tension between two parties regarding statue of Ahilyabai Holkar in Firozabad

इसी मंदिर में प्रतिमा रखने को लेकर विवाद है।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव कायथा में प्राचीन शिव मंदिर परिसर में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा रखने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं। गांव में तनाव का माहौल है। टूंडला एसडीएम ने प्रतिमा रखने वाले पक्ष को रोक दिया है। वहीं, पुलिस द्वारा विवादित स्थल पर बिना सरकारी अनुमति मूर्ति स्थापित न करने का नोटिस चस्पा कर दिया है। वहीं, विवाद और झड़प से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


गांव कायथा में प्रधान दिनेश बघेल पक्ष व उनके समर्थक शिव मंदिर में प्रतिमा स्थापना की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रतिमा भी मंगला ली है। इसका गांव का ही दूसरा पक्ष मंदिर परिसर का हवाला देते हुए मना कर रहा है। कायथा निवासी अरविंद कुमार ने एसडीएम सदर को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने बने शिव मंदिर परिसर में नौ नवंबर को दोपहर कुछ नामजद व 20-30 अन्य लोग मंदिर परिसर में प्रतिमा रखने लगे। 

आरोप है कि उन्हें, मां और भाई को मारपीट व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरी ओर प्रधान दिनेश बघेल का कहना है कि माता आहिल्याबाई होल्कर के राष्ट्र के प्रति योगदान को देखते हुए मंदिर जैसे सार्वजनिक परिसर में प्रतिमा स्थापित की जा रही थी, ताकि भावी पीढ़ी उनके बारे में जान सके।

पुलिस ने किया नोटिस चस्पा

स्थल पर थाना नारखी पुलिस की ओर से एक चेतावनी नोटिस भी चस्पा किया गया है। नोटिस में स्पष्ट उल्लेख है कि यह स्थान विवादित है और यहां किसी भी व्यक्ति द्वारा बिना सरकारी अनुमति के कोई मूर्ति स्थापना या निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ टूंडला शेखर सेंगर ने बताया कि पुलिस की ओर से नोटिस चस्पा किया जा चुका है। फिलहाल गांव में शांति है। निगरानी की जा रही है।

 



Source link