जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। विद्युत उपभोक्ता पर कार्यालय में घुसकर मारपीट करने और जाति सूचक शब्द बोलने के आरोप में एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराकर 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पाने वाले अवर अभियंता (जेई) काे उच्च न्यायालय ने सबक सिखाया है। न्यायालय ने सहायता राशि के साथ ही ब्याज के रूप में 37,500 रुपये भी जमा करा लिए हैं।
मामला थाना दक्षिण क्षेत्र में सात वर्ष पूर्व का है। 10 अक्टूबर 2019 को दर्ज कराए मुकदमे में औद्योगिक क्षेत्र फीडर पर तैनात जेई अमित कुमार ने आरोप लगाया कि बांके बिहारी रिसोर्ट के पास रहने वाले पुष्पेंद्र सिंह और उनके पिता पंचम सिंह शाम सवा पांच बजे दो अज्ञात लोगों के साथ उनके कार्यालय में आए। उन्होंने कनेक्शन न देने का आरोप लगाते हुए उनके साथ जाति सूचक शब्दों का उपयोग किया और मारपीट की। सरकारी कार्य में बाधा डाली।
अक्टूबर 2019 में पिता-पुत्र पर कार्यालय में घुसकर मारपीट और धमकाने के लगाए थे आरोप
एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार उत्पीड़न सहायता योजना से पहले 25 हजार रुपये और फिर पुलिस द्वारा चार्जशीट न्यायालय में दाखिल करने के बाद 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर लौटाए आर्थिक सहायता के रूप में लिए रुपये
बाद में मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि आरोप साबित न होने पर न्यायालय ने न सिर्फ दोषियों को बरी कर दिया। बल्कि दी गई सहायता राशि भी ब्याज सहित इस वर्ष सात अक्टूबर को जमा करा ली। मूलरूप से आगरा के सदर बाजार निवासी जेई अमित कुमार इन दिनों बदायूं में तैनात हैं। उनका कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेश पर धनराशि वापस करने के साथ ही ब्याज जमा कराई गई है।
