आगरा मंडल के धौलपुर-हेतरामपुर रेलखंड पर रविवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। ट्रेन संख्या 19665 उदयपुर सिटी-खुर्दा रोड एक्सप्रेस में चेन पुलिंग होने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। इसी दौरान समानांतर अप लाइन पर गुजर रही ट्रेन संख्या 20424 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत हो गई।
आगरा मंडल रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि शाम करीब 4:33 बजे हेतरामपुर और धौलपुर स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 1279/27 पर 19665 डाउन ट्रेन चेन पुलिंग होने के कारण रुक गई। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री कोचों से उतरकर अप लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही 20424 राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में चार यात्री आ गए।
हादसे में तीन महिलाएं और एक बच्ची की मौत हुई है। मृतकों में अफरीन (32 वर्ष) और अजहर (8 वर्ष) की पहचान हो चुकी है। दोनों की पहचान परिजन नदीम ने की है, जबकि अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद अप, डाउन और तीसरी लाइन की ओएचई आपूर्ति बंद कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आगरा और झांसी से दुर्घटना राहत चिकित्सा यान (एआरएमवी) रवाना किए गए। घटना के बाद रेल यातायात कुछ समय प्रभावित रहा। रेलवे ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
