बदायूं में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को सहसवान क्षेत्र के कोल्हाई गांव स्थित दूध की डेयरी पर छापा मारा। टीम ने यहां पर नकली देसी घी बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया।  टीम को मौके से रिफाइंड, पामोलिन ऑयल और अन्य पदार्थ मिलाकर देसी घी तैयार करने वाले उपकरण भी मिले हैं। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध घी, दूध, क्रीम, तेल, चीनी और डिटर्जेंट बरामद हुआ है। आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। डेयरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।


  

सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी (द्वितीय) सीएल यादव के नेतृत्व में टीम ने कोल्हाई स्थित कादरी डेयरी पर छापा मारा। छापा मारने के दौरान वहां मौजूद लोग काम छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। टीम ने मौके पर मौजूद सामान की जांच की तो पाया कि यहां पर नकली घी बनाने का कारोबार किया जा रहा है। जांच के दौरान टीम को करीब 200 लीटर दूध, 110 किलो संदिग्ध देसी घी, 10 किलो क्रीम, 28 किलो रिफाइंड व पामोलिन ऑयल, 93 किलो चीनी और डिटर्जेंट मिला। मौके पर ऐसे उपकरण भी मिले, जिनसे मिलावट कर देसी घी तैयार किया जा रहा था। 

रिफाइंड और पामोलिन ऑयल से बनाया जा रहा था घी 

टीम ने दूध और देसी घी के दो-दो व अन्य खाद्य पदार्थों के एक-एक नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डेयरी में रिफाइंड व पामोलिन ऑयल और अन्य पदार्थ मिलाकर देसी घी तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था। कार्रवाई के बाद डेयरी संचालक फहजल खान के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *