बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीर बहोड़ा में 20 हजार से ज्यादा लोगों की जिंदगी दांव पर लगाकर दो लोगों ने पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की लाइन का रेगुलेटर बाइपास कर साधारण प्लास्टिक के पाइप से अवैध कनेक्शन जोड़ दिया। आरोपियों ने कई लाख रुपये की गैस चोरी कर ली। पीएनजी की पेट्रोलिंग टीम ने जब चोरी पकड़ी तो टीम पर भी हमलावर हो गए। यूजीसीएल के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने दो लोगों को नामजद कराते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।


यूजीसीएल के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर तीन बजे सीयूजीएल के पेट्रोनिंग मैन हर्षित और कर्मचारी मुकेश पाइप लाइन की जांच करते हुए पीर बहोड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने देखा की सफरुद्दीन और मुस्ताब खान के घरों के बाहर गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। जांच की तो पाया कि गैस पाइप लाइन को काटने के बाद बाइपास करते हुए साधारण प्लास्टिक के पाइप से कनेक्शन जोड़कर गैस चोरी की जा रही थी। यह बेहद जोखिमपूर्ण था। इससे इलाके में 20 हजार से ज्यादा आबादी के लिए खतरा था।

साक्ष्य एकत्र करने के लिए कर्मचारियों ने वीडियो बनाया तो आरोपी उन पर भी हमलावर हो गए। मोबाइल छीनने की कोशिश की। किसी तरह से कर्मचारी खुद को बचाकर वहां से भागे। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि सीयूजीएल के सीनियर मैनेजर की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *