बहराइच: जनपद के खैरीघाट थाना इलाके के नरोत्तमपुर गांव में शनिवार को सियार के हमले से पूरे गांव में हड़कंप मच गया. खेत और घर के आसपास घूम रहे सियार ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया. इस हमले में कुल 5 लोग घायल हो गए. घायलों में 3 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं दो अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है.
घटना से गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. लोग अपने बच्चों को घर से बाहर अकेले नहीं निकलने दे रहे हैं. घायल प्रमोद कुमार ने बताया कि वह अपने घर के पास ही थे, तभी सियार ने अचानक उनकी लड़की पर हमला कर दिया और उसे काट लिया. लड़की की चीख सुनकर जब वह उसे बचाने के लिए दौड़े, तो सियार ने उन पर भी झपट्टा मार दिया और उन्हें भी काट लिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक सियार ने गांव में घूम-घूमकर तीन और लोगों को काट लिया था. किसी तरह ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर सियार को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक गांव में ही घूमता रहा और लोगों पर हमला करता रहा.
5 लोगों को सियार ने काटा
प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव में कुल 5 लोगों को सियार ने काटा है. हमले के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार घायलों को रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है और गंभीर घायलों की निगरानी की जा रही है. परिजनों का कहना है कि सियार के काटने से घाव काफी गहरे हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सियार को घेर लिया और उसे मार दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी.
विज्ञापन
वन विभाग की टीम मौके पर हुई ऐक्टिव
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव के आसपास सियार और अन्य जंगली जानवर देखे जा रहे थे, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास जंगल और गन्ने के खेत हैं, जहां जंगली जानवर छिपे रहते हैं. शाम होते ही जानवर गांव की ओर आ जाते हैं, जिससे खतरा बढ़ जाता है. लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में नियमित गश्त की जाए और जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो. फिलहाल वन विभाग की टीम गांव में नजर बनाए हुए है और घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है.
