यूपी के बाराबंकी में माती क्षेत्र स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में शनिवार रात करीब 9.00 बजे फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान चाकू लगने से छात्र अतुल मिश्रा घायल हो गया। वहीं छात्र अथर्व और प्रवीण को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, फेयरवेल पार्टी में आगे बैठने को लेकर छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट के दौरान कुछ छात्रों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। माती एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, सीओ संगम कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
