UP: Woman and her three daughters die after being hit by a train in Barabanki; cause of four deaths still uncl

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा।
– फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

 ट्रेन की चपेट में आने से मां और उसकी तीन मासूम बेटियों की मौत हो गई। एक ही परिवार की चार जिंदगियां पलभर में खत्म हो गईं। घर की खुशियां मातम में बदल गईं। इस हादसे में परिवार की 12 वर्षीय बेटी रिया बाल-बाल बच गई। वह अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी। 


शुक्रवार रात करीब आठ बजे यह हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसकी तीनों बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

मां के साथ दो जुड़वा बेटियों ने भी गंवाई जान

मृतकों की पहचान गांधी नगर, कोतवाली नगर निवासी किरण देवी पाल (39) पत्नी राम तेजपाल के रूप में हुई है। हादसे में उनकी सात वर्षीय जुड़वा बेटियां कनिष्का और अनुष्का तथा पांच वर्षीय बेटी काव्या की भी मौत हो गई। तीन मासूम बच्चियों के साथ मां की मौत की खबर जिसने भी सुनी, उसका कलेजा कांप उठा।

बाजार गई 12 साल की रिया बची, पिता के सामने उजड़ा परिवार

बताया जा रहा है कि किरण देवी के पति राम तेजपाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वह मूल रूप से बहराइच जिले के निवासी हैं। हादसे के वक्त परिवार की 12 वर्षीय बेटी रिया अपने पिता के साथ बाजार गई थी। इसी वजह से वह इस हादसे से बच गई लेकिन अब उसके सामने मां और तीन बहनों को खोने का ऐसा दर्द है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं मां-बेटियां? जांच में जुटी पुलिस

एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि किरण देवी अपनी तीनों बेटियों के साथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं? क्या हादसा अचानक हुआ या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी? फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।

 



Source link

अभी अभी की खबरें