झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) की पीएचडी प्रवेश परीक्षा और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पैट) 25 अक्तूबर को होने से काफी विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। वहीं, बीयू प्रशासन तय समय पर प्रवेश परीक्षा कराने के लिए अडिग है।

बताते चलें, प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी के लिए पैट की अर्हता अनिवार्य कर दी है। परीक्षार्थियों की संख्या लाखों में होने की वजह से यह परीक्षा 25 और 31 अक्तूबर व एक नवंबर को प्रस्तावित है। यह परीक्षा कई सेंटरों के अलावा बुंदेलखंड विवि के परीक्षा भवन में भी होनी है। बावजूद इसके बीयू प्रशासन ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा कराने की तिथि 25 अक्तूबर तय कर दी है। एक ही दिन में दो परीक्षा होने की वजह से उन विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया है, जिन्होंने दोनों परीक्षा के फाॅर्म भरे हैं। सूत्र बताते हैं कि पैट परीक्षा के दिन पीएचडी प्रवेश परीक्षा नहीं कराने के बाबत अवगत कराया जा चुका है, मगर बीयू प्रशासन तारीख बदलने को तैयार नहीं है। जिसके चलते ही सोमवार को कुलसचिव की तरफ तारीख की घोषणा भी कर दी गई है, जिसमें बताया गया है पीएचडी प्रवेश परीक्षा 25 अक्टूबर को दो पालियों में होगी।

कुलपति के निर्देश पर परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रथम पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी। द्वितीय पारी की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक होगी। यह परीक्षा बीयू के बैंकिंग, अर्थशास्त्र एवं वित्त विभाग, गणितीय विज्ञान एवं कंप्यूटर अनुप्रयोग विभाग तथा को परीक्षा केंद्र बनाया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपने लॉगिन का उपयोग कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक किसी भी विद्यार्थी ने शिकायत नहीं की है। यदि कोई शिकायत आएगी तो कुलपति से वार्ता की जाएगी।

– ये बोले विद्यार्थी

25 अक्तूबर को मेरी पैट परीक्षा के साथ-साथ बीयू की पीएचडी प्रवेश परीक्षा है। ऐसे में दोनों परीक्षा देना संभव नहीं है।

-अंशुल वर्मा

एक ही दिन दो परीक्षा होने की वजह से असमंजस की स्थिति हो गई है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में बदलाव होना चाहिए।

-इंद्रपाल सिंह

मेरी जूलॉजी से पीएचडी की प्रवेश परीक्षा 25 अक्तूबर को है। इसी दिन पैट की परीक्षा होनी है। ऐसे में एक परीक्षा छोड़ना मजबूरी है।

खुशी यादव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *