पत्नी के मायके से न आने पर रविवार को युवक नौ माह के बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर नीचे उतारा। भरुआ सुमेरपुर के वार्ड 18 निवासी राजेश दुबे पुत्र संतोष पत्नी के मायके से न आने पर रविवार को कस्बे के सिचौली पुरवा बड़ा चौराहा क्षेत्र में पानी की टंकी पर चढ़ गया।
वह नौ माह के मासूम बेटे को भी लिए था। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर एसडीएम करनवीर सिंह, सीओ राजकुमार पांडेय, कोतवाल चंद्रशेखर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। अधिकारी उसे समझाते रहे पर वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। समस्या के समाधान व न्याय दिलाने के आश्वासन पर वह नीचे उतरा। युवक ने बताया कि डेढ़ साल पहले मदारपुर गांव में उसकी शादी हुई थी। उसका नौ माह का बेटा किशन है।
