बेलाताल-कुलपहाड़ मार्ग पर मिशन स्कूल के पास सोमवार की शाम करीब सात बजे दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और तीन की जान चली गई। घटना का कारण रफ्तार व नियमों की अनदेखी बताई जा रही है।
कोतवाली कुलपहाड़ के सुगिरा गांव निवासी उमेश (30) अपने भाई साजन (28) व चाचा बाबू बाल्मीकि (45) के साथ बाइक से अपने भांजे संदीप के मंडप कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बा बेलाताल जा रहा था। तभी मिशन स्कूल कुलपहाड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइकों की स्पीड 90 से 100 किमी प्रतिघंटा होने के चलते भिड़ंत के बाद तेज आवाज आई और दोनों बाइकों में सवार छह लोग सड़क पर गिर गए। सभी के सिर पर गंभीर चोट होने से पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सभी घायलों को सीएचसी कुलपहाड़ पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में एक बाइक में सवार उमेश की मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक में सवार रामपाल (55) निवासी नैगुवां छतरपुर, उसके साढ़ू भाई बलदाऊ (30) निवासी गुढ़ा, अजनर ने दम तोड़ दिया जबकि रामपाल का बेटा चंद्रभान (25) का इलाज चल रहा है। दूसरी बाइक में सवार तीनों लोग रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने कस्बा खरेला जा रहे थे। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों में रो-रोना पीटना मच गया। कोतवाल विनोद कुमार का कहना है कि दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना की जांच व आगे की कार्रवाई की जा रही है।
